BIHAR : सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुरक्षा दस्ते में बड़ी घटना से पटना पुलिस के होश उड़ गए हैं। मामला मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में लगे एक जवान द्वारा गोलीबारी में उसके खुद घायल हो जाने का है। घायल जवान की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार देर रात मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में तैनात गोरखा बटालियन के जवान पूजन गुरु ने फायरिंग की। गोली उसे खुद अपने पेट में लगी। वह घटना-स्थल पर ही गिर गया। घटना के बाद उसे तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी आपात स्थिति में ऑपरेशन किया गया।
घायल जवान के पेट से गोली निकाल दी गई है, लेकिन उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस उससे फिलहाल बयान नहीं ले सकी है। घटना के कारणों को लेकर स्थिति उसके बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वैसे, घटना-स्थल पर मौजूद रहे अन्य सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अधिकारियों ने इसे ‘दुर्घटना’ बताया है। हालांकि, आत्महत्या की कोशिश की भी चर्चा है।