Rajpath Desk : संघ प्रमुख मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर मंगलवार शाम सड़क मार्ग से दरभंगा आएंगे। इसके मद्देनजर व्यापक तैयारियां की जा रही है। 23 जनवरी की शाम सात बजे वे दरभंगा, मधुबनी, बेनीपुर व झंझारपुर के स्वंयसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। रात्रि विश्राम जिला संघ चालक डॉ. अशोक कुमार सिंह के आवास पर होगा।
24 जनवरी की सुबह सात बजे से नौ बजे तक डीएमसीएच ऑडिटोरियम में दरभंगा नगर के स्वंयसेवकों को संबोधित करेंगे। क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, प्रांत संघ चालक विजय जायसवाल, क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह मौजूद रहेंगे। सह प्रांत चालक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होनेवाले स्वंयसेवक पूर्ण गणवेश में ही भाग लेंगे।
यहां के बाद संघ प्रमुख सुबह करीब 10.30 बजे मब्बी स्थित स्वामी विवेकानंद कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान रामकृष्ण मिशन, नई दिल्ली के सचिव स्वामी शांतात्मानंदजी महाराज, सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी, राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा आदि भी रहेंगे। शाम चार बजे संघ प्रमुख पटना लौट जाएंगे।