मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी- जिलाधिकारी।

0
IMG-20260928-WA0052

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी- जिलाधिकारी।

हाथरस, । जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रातः 8ः30 बजे बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति, साफ-सफाई एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से तैनात सुरक्षाकर्मियों से उनकी ड्यूटी एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने पर्चा काउंटर का निरीक्षण करते हुए प्रतिदिन बनाए जाने वाले पर्चों की संख्या की जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 1100 से 1200 पर्चे बनाए जाते हैं। जिलाधिकारी ने पूछा कि क्या मरीज घर बैठे ऑनलाइन पर्चा बनवा सकते हैं अथवा चिकित्सक से अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आभा आईडी जनरेट करने के पश्चात ऑनलाइन पर्चे के लिए आवेदन किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने मरीजों की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन पर्चा आवेदन की व्यवस्था प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को लाइन में लगने से राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष, दंत विभाग, वरिष्ठ परामर्शदाता कक्ष, हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष, जनरल फिजिशियन कक्ष, आयुष्मान भारत कक्ष, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी एवं सिटी स्कैन कक्ष सहित महिला अस्पताल की सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट एवं जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से प्रतिदिन ओपीडी में देखे जाने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली तथा ओपीडी पंजिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने अल्ट्रासाउंड जांच की लंबित पेंडेंसी को शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को ई-सुश्रुत प्रक्रिया को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से मरीज के ऑनलाइन पंजीकरण, अपॉइंटमेंट एवं मेडिकल रिपोर्ट की जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज एवं तत्काल देखा जा सकेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की प्रक्रिया अधिक सुगम एवं पारदर्शी होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। आयुष्मान भारत कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने नई पात्रता के आधार पर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हेतु सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में सूची में दर्ज ऐसे व्यक्तियों, जिनके आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं, उनके आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाना सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उन्हें उपचार का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा वॉशरूम सहित सभी स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष एवं महिला चिकित्सालय सहित संबंधित चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!