कासगंज रोड पर ट्रक और रोडवेज बस की भीषण भिड़ंत
कासगंज रोड पर ट्रक और रोडवेज बस की भीषण भिड़ंत
बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल, हादसे के बाद
मची चीख-पुकार; दोनों चालकों को अलीगढ़ किया रेफर
सिकंदराराऊ (हाथरस)। कासगंज रोड पर रविवार रात करीब 9:30 बजे सोरों जी ढाबे के पास एक सरकारी राशन से लदे ट्रक और राजस्थान रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बस और ट्रक के दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्रियों को भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बरेली से जयपुर जा रही थी रोडवेज बस
जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज की बस बरेली से यात्रियों को लेकर जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिकंदराराऊ पंत चौराहे की ओर से आ रहे सरकारी राशन से भरे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। तेज रफ्तार में हुई भिड़ंत के कारण दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल के पास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को उपचार के लिए घटनास्थल के नजदीक स्थित कलावती नर्सिंग होम पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद कई यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
वहीं, जो यात्री सुरक्षित थे, उनके लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें आगे के सफर के लिए भेजा गया।
दोनों चालक गंभीर, अलीगढ़ रेफर
हादसे में घायल बस और ट्रक के दोनों चालकों के साथ बस के कंडक्टर को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराराऊ भेजा गया। चिकित्सकों ने दोनों चालकों की हालत और गंभीर चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
सड़क पर बिखर गया राशन, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के कारण कासगंज रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
वहीं, ट्रक में लदी चावल की बोरियों को दूसरे वाहनों में शिफ्ट कराया गया। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
