इगलास में नौ छात्राएं बनीं एक दिन की उपजिलाधिकारी
इगलास में नौ छात्राएं बनीं एक दिन की उपजिलाधिकारी
इगलास तहसील सभागार में शनिवार को सुबह 10:00 से दोपहर 2:00 तक आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस कुछ खास रहा। इस बार कुर्सी पर अधिकारी नहीं, बल्कि स्कूल की नौ छात्राएं सांकेतिक उपजिलाधिकारी बनकर बैठीं।
तहसील सभागार में जॉइंट मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में ये विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मकसद बेटियों को प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ना और उनमें नेतृत्व का आत्मविश्वास जगाना था।
कार्यक्रम के दौरान इन सांकेतिक SDM बनी छात्राओं ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। गांव से आए लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं – किसी की जमीन का मामला, किसी को राशन, पेंशन या नाली-खड़ंजा की समस्या। छात्राओं ने बड़े ही गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हर फरियादी की बात सुनी और उनकी शिकायतों को नोट किया।सिर्फ सुनना ही नहीं, उन्होंने अधिकारी के तौर पर फैसला भी लिया। सांकेतिक उपजिलाधिकारी बनी छात्राओं ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
उनके आत्मविश्वास और कार्यशैली को देखकर वहां मौजूद अधिकारी और फरियादी दोनों ही प्रभावित हुए।तहसील प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में प्रशासन को समझने और भविष्य में बड़े पदों पर जाने की प्रेरणा मिलती है। एक दिन की SDM बनने का यह अनुभव इन नौ छात्राओं के लिए जीवन भर यादगार रहेगा।
