जिलाधिकारी ने देर रात शेल्टर होम एवं बस स्टैंड का किया निरीक्षण। PET-2026 के परीक्षार्थियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

0
IMG-20261024-WA0097

जिलाधिकारी ने देर रात शेल्टर होम एवं बस स्टैंड का किया निरीक्षण।

PET-2026 के परीक्षार्थियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर को आयोजित होगी PET-2026 की परीक्षा

हाथरस, 24 अक्टूबर, प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के दृष्टिगत जनपद में आने वाले परीक्षार्थियों के ठहरने एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं आदि को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने देर रात शहर में भ्रमण कर पंडित दीनदयाल आश्रय स्थल (शेल्टर होम) एवं बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को शेल्टर होम एवं बस स्टैंड पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को ठहरने, खान-पान, आवागमन अथवा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के प्रति सजग रहने तथा परीक्षार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए जनपद में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े तथा उन्हें सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की लिखित परीक्षा दिनांक 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर, 2026 को कुल छह पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद हाथरस में PET-2026 के आयोजन के लिए कुल 16 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में कुल 6,576 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जबकि सभी छह पालियों में कुल 39,456 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने का कार्यक्रम है।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल, सुचारु एवं व्यवस्थित आयोजन के साथ-साथ जनपद में आने वाले परीक्षार्थियों के ठहरने, आवागमन एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!