धार्मिक स्थलों के पास मांस-मछली की दुकानों और अवैध बूचड़खानों पर भड़का विहिप, डीएम को सौंपा ज्ञापन
धार्मिक स्थलों के पास मांस-मछली की दुकानों और अवैध बूचड़खानों पर भड़का विहिप, डीएम को सौंपा ज्ञापन
हाथरस। जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रही अंडा, मांस व मछली की दुकानों तथा अवैध बूचड़खानों के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें बंद कराने की मांग की है। डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में विहिप पदाधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों के करीब बिना वैध लाइसेंस और शासनादेशों का उल्लंघन कर मांस की दुकानें चलाई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है तथा धार्मिक स्थलों की पवित्रता, स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। संगठन ने प्रशासन का ध्यान विशेष रूप से दो प्रमुख स्थानों की ओर आकर्षित करते हुए इगलास फाटक के पास मथुरा रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के आसपास संचालित अंडा, मांस एवं मछली की दुकानों की जांच कराने और सासनी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पीछे अवैध रूप से चल रहे बूचड़खाने की तत्काल जांच कर उसे नियमानुसार बंद कराने की मांग उठाई है। इसके अतिरिक्त पूरे जनपद के नगरीय व ग्रामीण इलाकों में संबंधित विभागों के माध्यम से सर्वेक्षण कराकर बिना लाइसेंस व मानकों के विपरीत चल रहे प्रतिष्ठानों पर रोक लगाने और भविष्य में ऐसी दुकानों का संचालन न होने देने के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में विहिप जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, मुकेश सूर्यवंशी, देवराज, मनोज वार्ष्णेय सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
