बीजिंग। भारत के साथ सीमा विवाद को लेकर चीन सख्त रूख अपना रहा है। पहले तो उसने नाथुला दर्रा बंद कर दिया जिससे मानसरोवर की यात्रा करने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। और अब चीन ने भारतीय पत्रकारों की तिब्बत यात्रा पर रोक लगा दी है। चीन पिछले कुछ समय से नेपाल और भारत के पत्रकारों के लिए वार्षिक यात्रा का आयोजन करता रहा है।
भारतीय विदेश मामलों के संवाददाताओं के संघ के संयोजक विजय नायक ने कहा कि शायद, यह हालिया तनाव के कारण हुआ है। उन्होंने सोचा होगा कि पहले चीजें शांत होने दें। भारतीय पत्रकारों का समूह 8-15 जुलाई के बीच तिब्बत यात्रा पर जाने वाला था।
नायक के अलावा भारत के विभिन्न मीडिया समूहों से पत्रकारों को इस यात्रा के लिए आमंत्रित किया गया था। नेपाल के पत्रकारों की यात्रा पर रोक लगाई गई है या नहीं, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
पिछले साल भारत और नेपाल के पत्रकारों को तिब्बत की राजधानी ल्हासा, सिचुआन प्रांत की राजधानी चेंग्दू और बीजिंग के अलावा और कई जगहों की सैर कराई गई थी।
सिक्किम में भारत, भूटान और चीन के बीच त्रिकोणीय सीमा पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच तल्ख आमना-सामना होने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है। इस त्रिकोणीय सीमा पर पड़ने वाले डोकलाम (डोंगलोंग) क्षेत्र को लेकर चीन और भूटना के बीच विवाद है।