पटना। जापान यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को टोक्यो में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बिहार में पटना-गया-राजगीर के बीच प्रस्तावित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर एवं बुद्ध सर्किट में आधारभूत संरचना निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं के लिए जापान से तकनीकी सहयोग की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने जापान के प्रधानमंत्री अबे को बिहार यात्रा का आमंत्रण भी दिया।
उन्होंने कहा कि जब भी वे भारत की यात्रा पर आएं बिहार के लिए जरूर निकालें। जापान के प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात के दौरान पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव और मुख्यमंत्री के साथ बिहार से गया प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।
जापान के प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात के दौरान भी मुख्यमंत्री ने जापान और भारत के सौहाद्रपूर्ण संबंधों की चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी कि पर्यटन, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में निवेश की बिहार में अपार संभावनाएं हैैं।
प्रस्तावित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा बुद्ध सर्किट के तहत इसे पीस कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र में जापान तकनीकी सहयोग करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जाइका के माध्यम से पटना को गया-बोधगया, राजगीर और नालंदा से जोडऩे की योजना पर काम चल रहा है।
इसे वैशाली तक बढ़ाने की आवश्यकता है। इससे इसकी प्रासंगिकता और बढ़ेगी तथा सभी बुद्धिस्ट स्थलों की यात्रा करने में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो के डीपीआर और नालंदा विश्वविद्यालय में जापान के सहयोग को लेकर भी इस यात्रा के दौरान चर्चा होगी।