पटना| बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जापान की चार दिवसीय यात्रा के बाद शुक्रवार को पटना लौट आए। पटना हवाईअड़्डे पर जनता दल (युनाइटेड) की तरफ से उनका गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। पटना हवाईअड्डे पर जद (यू) के सैकड़ों का कार्यकर्ता मौजूद थे। मुख्यमंत्री के हवाईअड्डे से बाहर निकलने के बाद कार्यकर्ताओं से उनका जोरदार स्वागत किया और पार्टी के पक्ष में नारे लगाए।
इस यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ राज्य के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव सहित एक शिष्टमंडल भी जापान गया था, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी और कई संगठनों के अधिकारी शामिल थे।
मंत्री यादव ने यात्रा को सफल बताते हुए कहा कि जापान के साथ कई मुद्दों पर बातचीत हुई है, जिसका लाभ भविष्य में नजर आएगा।
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने टोक्यो में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और विदेश मंत्री से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने बिहार में निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए जापान की वित्तीय संस्थाओं और निवेशकों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ हिरोशिमा भी गए थे।
इस यात्रा को लेकर बिहार में विपक्षी दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा था।