दिल्ली/पटना। साध्वी से बलात्कार दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के लिए सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने सजा का ऐलान कर दिया है। उसको 10 साल की सजा सुनाई गई है। सजा पर बहस पूरी होने के बाद राम रहीम जज के सामने रहम की भीख मांगने लगा। इस केस की सुनवाई के लिए रोहतक जेल के अंदर कोर्ट रूम बनाया गया था।
जज ने गुरमीत राम रहीम पर जुर्मान भी लगाया है। सजा सुनने के बाद राम-रहीम फूट-फूटकर रो पड़े। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई, धारा 376, 511 और 506 के तहत सजा हुई।
राम रहीम को लेकर हुए इस फैसले का असर न सिर्फ सिरसा, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और यूपी में हुआ है, बल्कि, बिहार में भी इसका असर हुआ है। हरियाणा स्थित डेरा की संपत्ति सीज किए जाने के बाद भागलपुर के नाथनगर प्रखंड के गोसाईंदासपुर गांव के दो हजार लोग बेरोजगार हो गए हैं। ये सभी लोग डेरा के सिरसा व हिसार स्थित आश्रम में नौकरी करते थे।
18 साल से हैं बाबा राम-रहीम के भक्त
भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड के दस हजार आबादी वाले गोसाईंदासपुर गांव निवासी मलय पासवान बेरोजगारी से तंग आकर दिल्ली चला गया था। कुछ दिन बाद वह हरियाणा चला गया था। वहां वह मजदूरी करने के दौरान डेरा के लोगों के सम्पर्क में आ गया था। सत्संग सुनते-सुनते मलय हरियाणा के हिसार स्थित आश्रम में रहने लगा।
आश्रम में उसे रहने व भोजन की सुविधा के साथ-साथ आठ हजार की नौकरी भी मिल गई थी। वह समय-समय पर अपने गांव भी आता था। इसके बाद गांव के लोग उसके संपर्क में आते गए और राम रहीम के भक्त बनते गए।
स्थिति यह हुई कि आज गोसाईंदासपुर से लोगों का सिरसा व हिसार स्थित आश्रम आना-जाना शुरू हो गया। लोग वहां कृषि से जुड़े व अन्य काम करने लगे। आज राम रहीम के आश्रम में गांव के दो हजार लोग काम कर रहे हैं।
कोर्ट के फैसले के बाद संकट परेशानी में पड़े ग्रामीण
गुरमीत राम-रहीम को अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने से भड़की हिंसा के कारण यहाँ के लोग अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं। साथ भी यह चिंता सता रही है अब वे लोग क्या करेंगे। अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे।
भक्तों को समझाया जाएगा
वहीं राम रहीम के भक्तों का गांव में नेतृत्व करने वाले मंटू प्रेमी ने कहा कि हमारे बाबा निर्दोष हैं। सभी आरोपों से उनको मुक्ति मिल जाएगी। आश्रम भी सुरक्षित है किसी को कुछ नहीं होने वाला है। वह भक्तों को समझाने आश्रम जा रहे हैं कि कोर्ट को अपना काम करने दें। ङ्क्षहसा से कुछ नहीं होने वाला है।
राम रहीम के कहने पर ग्रामीणों ने त्याग दिया था मांस-मदिरा
राम रहीम के भक्तों का दावा है कि उनके संपर्क में आने के बाद गांव के आधे से अधिक लोगों ने मांस व मदिरा का सेवन बंद कर दिया है। इतना ही नहीं समीप के गांव राघोपुर, रामपुर, मनसकामनानाथ चौक, भतौडिय़ा, किशनपुर, मथुरापुर समेत कई इलाकों में राम रहीम के भक्त हैं। जिन्होंने मांस-मदिरा का सेवन बंद कर दिया है।
हरियाणा से गांव लौटने लगे हैं लोग
बीते शुक्रवार को हरियाणा व पंजाब में हुई हिंसा के बाद गोसाईंदासपुर के सौ से ज्यादा ग्रामीण यहां लौटने लगे हैं। उनके परिजन ने बताया कि हरियाणा से ये लोग दिल्ली आ रहे हैं। वहां से भागलपुर के लिए ट्रेन पकड़ रहे हैं। लेकिन जो लोग नहीं लौट पाए हैं उनके परिजन की चिंता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।