गौशालाओं में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई: डीएम अतुल वत्स

0
IMG-20260909-WA0033

 

हाथरस,  (सूचना विभाग)। गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित निराश्रित/बेसहारा गौवंश के भरण-पोषण, संरक्षण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय अनुश्रवण/मूल्यांकन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संचालित गौशालाओं को पूर्ण रूप से संतृप्ति करने, तहसीलो में नियमित रूप से बैठक करनें एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में तहसीलवार एवं ब्लॉकवार संचालित गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गौवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की बिंदुवार यथा गौ आश्रय स्थलों में टीन शेड, भूसा गोदाम, केयरटेकर रूम, सड़क, चरही, धनराशि एवं भूसा की उपलब्धता सहित पौधरोपण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि धनराशि की उपलब्धतानुसार गौ आश्रय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण कराते हुये संतृप्त किया जाए। साथ ही आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए प्रमुख कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा शासन को भी पत्र प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर जिला अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए तथा बैठक की कार्यवाही/कार्यवृत्त उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही गौ आश्रय स्थलों पर संरक्षित गौवंश को चारा दिए जाने के समय सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराते हुए स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय पर प्रारंभ कराने के एवं आवश्यकतानुसार गौशालाओं में रॉबिस/मिट्टी डलवाने तथा परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौ आश्रय स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए केयरटेकर की शिफ्टवार तैनाती तथा सफाई व्यवस्था के लिए भी शिफ्ट निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों पर स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारियों को गौ आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार गौवंश का उपचार एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित उप जिलाधिकारी को निरीक्षण एवं की गई कार्यवाही से संबंधित फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद में संचालित गौ आश्रय स्थलों की संख्या, उनमें संरक्षित गोवंश की वर्तमान स्थिति, चारा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा पशु चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।
————————————————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!