सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का बड़ा कदम, ई-रिक्शाओं की हुई मैपिंग.एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चला अभियान .एएसपी रामानंद कुशवाह और सीओ सिटी हिमांशु माथुर रहे मौजूद
हाथरस। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर ई-रिक्शाओं की जांच, पंजीकरण एवं मैपिंग की। अभियान के तहत तालाब चौराहा पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शाओं का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान एएसपी रामानंद कुशवाह एवं सीओ सिटी हिमांशु माथुर की मौजूदगी में ई-रिक्शाओं का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर उनकी मैपिंग की गई। इस दौरान प्रत्येक ई-रिक्शा की पहचान संबंधी जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ई-रिक्शाओं पर उनके वाहन नंबर स्पष्ट रूप से पेंट कर अंकित भी कराए गए। पुलिस के इस कदम से ई-रिक्शाओं की पहचान एवं निगरानी को और आसान बनाया जा सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ई-रिक्शाओं की मैपिंग से अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी। अभियान के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
