पत्रकारों पर सीधे मुकदमा दर्ज होने से पहले होगी जांच, एसएसपी गठित करेंगे विशेष सेल -ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी नीरज जादौन से की वार्ता
पत्रकारों पर सीधे मुकदमा दर्ज होने से पहले होगी जांच, एसएसपी गठित करेंगे विशेष सेल
-ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी नीरज जादौन से की वार्ता
अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) जनपद इकाई अलीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज जादौन से शिष्टाचार मुलाकात कर पत्रकारों के उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंडल अध्यक्ष राजनारायण सिंह और जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी के साथ सकारात्मक एवं गंभीर वार्ता की।
मंडल अध्यक्ष ने किसी भी पत्रकार के विरुद्ध दुर्भावना या दबाव में आकर सीधे प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज न किए जाने की बात रखी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि चूंकि ग्रापए के जिलाध्यक्ष प्रशासन की जिला स्थाई समिति के अधिकृत सदस्य होते हैं, इसलिए पत्रकार पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पूर्व जिलाध्यक्ष से वार्ता और समन्वय स्थापित किया जाना अनिवार्य होना चाहिए।
एसएसपी नीरज जादौन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि पत्रकारों के मामलों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए एक विशेष सेल का गठन कराया जाएगा। यदि किसी पत्रकार के विरुद्ध कोई गंभीर शिकायत आती है, तो पहले सेल द्वारा निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और ग्रापए जिलाध्यक्ष को भी सूचित किया जाएगा, ताकि किसी भी निर्दोष कलमकार पर गलत मुकदमा दर्ज न हो सके।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध एक अनुशासित एवं पारदर्शी संगठन है। प्रांतीय नेतृत्व के सख्त निर्देश हैं कि संगठन में किसी भी अराजक या संदिग्ध छवि वाले व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। संगठन सदैव निष्पक्ष, समर्पित और साफ-सुथरी छवि वाले कलमकारों को ही प्राथमिकता देता है।
