जिलाधिकारी  और पुलिस अधीक्षक ने श्री अक्रूर इंटर कॉलेज एवं पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज स्थित पुनरीक्षण केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

0
IMG-20261017-WA0069

सभी की भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाएगी, कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे – जिलाधिकारी।

जिलाधिकारी  और पुलिस अधीक्षक ने श्री अक्रूर इंटर कॉलेज एवं पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज स्थित पुनरीक्षण केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
हाथरस, 17 अक्टूबर, 2026 (सूचना विभाग)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आज आयोजित विशेष कैंप दिवस पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ श्री अक्रूर इंटर कॉलेज, हाथरस तथा पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज हाथरस स्थित पुनरीक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने, त्रुटियों के सुधार तथा पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाए तथा सूची में दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची से किसी भी व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 प्राप्त होने पर संबंधित प्रकरण का नियमानुसार मौके पर सत्यापन अवश्य किया जाए। सत्यापन के उपरांत संबंधित उप जिला अधिकारी को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम, आयु एवं अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों को दूर करने के लिए संबंधित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर संशोधन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण शुद्धता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदान के अधिकार एवं लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 17 अक्टूबर तथा 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं सहित अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम, आयु एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की कार्यवाही भी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन नवंबर माह में किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के दृष्टिगत पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज हाथरस में बनाए गए मतदान बूथों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर, प्रधानाचार्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————————————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!