1 नवंबर की दिल्ली रैली में हाथरस से उमड़ेगा कांग्रेस का जनसैलाब, गिरवर शर्मा संभालेंगे समन्वय
1 नवंबर की दिल्ली रैली में हाथरस से उमड़ेगा कांग्रेस का जनसैलाब, गिरवर शर्मा संभालेंगे समन्वय
हाथरस। आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के उद्देश्य से हाथरस जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हाथरस कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय ने की। बैठक में अलीगढ़ के पूर्व जिला अध्यक्ष गिरवर शर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से गिरवर शर्मा जी का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कांग्रेसजनों ने उनका स्वागत करते हुए रैली की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हाथरस जनपद से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को दिल्ली रैली में शामिल कराया जाएगा। रैली की तैयारियों एवं संगठनात्मक समन्वय की जिम्मेदारी के लिए गिरवर शर्मा जी को हाथरस का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय ने कहा कि “वोट बचाओ, देश बचाओ” रैली लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की हमारी सामूहिक लड़ाई है। हाथरस से अधिक से अधिक कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचेंगे। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटकर इस रैली को सफल बनाएंगे। लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मताधिकार की आवाज को बुलंद करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
गिरवर शर्मा ने कहा कि हाथरस में रैली की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक समन्वय एवं जनसंपर्क को गति दी जाएगी। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से हाथरस से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। रैली की सफलता के लिए सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर कार्य करें।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि शहर एवं जिले के सभी कांग्रेसजन आपसी तालमेल के साथ रैली की तैयारियों में जुटेंगे। अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र की आवाज को बुलंद किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: मथुरा प्रसाद कुशवाह, संजीव अंधीवाल, श्री कृष्ण एडवोकेट, कपिल सिंह, अजय भारद्वाज, विश्वास, रामबृज सिंह, डॉ. शेर सिंह वरुण, रिंकू प्रधान, अविनाश पचौरी, रितेश सिंह, के.के. शर्मा एडवोकेट एवं देवेंद्र शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन।
