आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत, कई घायल क्रिकेट एकेडमी से अभ्यास कर लौट रहे थे टेंपो सवार युवक, छोटा हाथी और टेंपो में आमने-सामने की भिड़ंत
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत, कई घायल
क्रिकेट एकेडमी से अभ्यास कर लौट रहे थे टेंपो सवार युवक, छोटा हाथी और टेंपो में आमने-सामने की भिड़ंत
हाथरस। जिले में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सासनी कोतवाली क्षेत्र में नगला भूरा गांव और राधिका ढाबे के निकट छोटा हाथी और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार कुछ युवक अलीगढ़ के मडराक स्थित क्रिकेट एकेडमी से अभ्यास कर वापस हाथरस लौट रहे थे। इसी दौरान नगला भूरा के पास सामने से आ रहे छोटा हाथी से टेंपो की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही सासनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों में एक युवक की पहचान अश्वनी (18 वर्ष), निवासी मेंडू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दो अन्य मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
