सभी मतदेय स्थलों पर 17 अक्टूबर, 2026 एवं 24 अक्टूबर, 2026 को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा
हाथरस, 17 अक्टूबर, 2026 (सूचना विभाग)। जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन (Rationalization) तथा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जाना है। उन्होंने अवगत कराया कि मतदेय स्थलों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 19 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा। इसकी प्रतियां समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के साथ ही जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएंगी। दिनांक 26 अक्टूबर, 2026 को संसद सदस्यों, विधानसभा सदस्यों एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पुनः बैठक आयोजित कर मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके उपरांत दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 को मतदेय स्थलों के सम्भाजन संबंधी प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रेषित किया जाएगा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराना है। इसी क्रम में “कोई मतदाता न छूटे (No Voter to be Left Behind)” के उद्देश्य को साकार करने के लिए जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर दिनांक 17 अक्टूबर, 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर, 2026 (शनिवार) को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा
। इन विशेष अभियानों के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10ः00 बजे से अपराह्न 04ः00 बजे तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम विलोपित कराने तथा मतदाता विवरण में संशोधन कराने के लिए क्रमशः ’’फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8’’ भर सकेंगे। इसके अतिरिक्त नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 12 नवंबर, 2026 को प्रस्तावित है, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन दिनांक 04 जनवरी, 2027 को किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची को अद्यतन कर शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। साथ ही उन्होंने युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित कराने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
बैठक में मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला माहौर, मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिला महामंत्री राजेन्द्र कुमार माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी अजय सिकरवार, जिलाध्यक्ष इण्डियन नेशनल कांग्रेस विवेक उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा (एड०), जिलाध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी राजकपूर, जिला सचिव सी0पी0आई0एम0 श्याम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र आदि उपस्थित रहे।
————————————————————–
