भाजपा की नई जिला कमेटी ने संभाली जिम्मेदारी, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
भाजपा की नई जिला कमेटी ने संभाली जिम्मेदारी, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

हाथरस। गौशाला रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर नवनियुक्त जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण परिचय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनसेवा के संकल्प को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने की। इस दौरान जिला महामंत्री राजेश सिंह गुड्डू व राजेंद्र कुमार माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष संध्या आर्य, रजत चौधरी, सुनीता सिंह, संजय सक्सेना, मथुरा प्रसाद गौतम व मुकेश चौहान तथा जिला मंत्री विपिन लवानिया व जितेंद्र वार्ष्णेय सहित जिले के सभी नवनियुक्त पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्षगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्व के लिए बधाई दी और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि सभी पदाधिकारी केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। साथ ही संगठन की मजबूती और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत व परिचय कराया गया और उन्होंने पार्टी की नीतियों के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
