भगवान परशुराम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने पर भड़का ब्राह्मण समाज, सीसीटीवी में दिखा बाइक सवार
भगवान परशुराम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने पर भड़का ब्राह्मण समाज, सीसीटीवी में दिखा बाइक सवार

एएसपी बोले- जल्द सलाखों के पीछे होगा माहौल बिगाड़ने वाला
हाथरस। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत बुर्जवाला कुआं स्थित परशुराम चौक पर स्थापित भगवान परशुराम की प्रतिमा को शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त करने और उस पर कीचड़ फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की मध्य रात्रि हुई इस कायराना हरकत की सूचना मिलते ही स्थानीय ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह राघव, सीओ सिटी हिमांशु माथुर और सीओ सादाबाद योगेंद्र कृष्ण नारायण भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा उर्फ योगा पंडित, पूर्व अध्यक्ष ललित शर्मा, संजय शर्मा और प्रशांत शर्मा समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मौके पर जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया और तत्काल प्रतिमा की साफ-सफाई कराई। ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आक्रोश देशव्यापी रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि प्रतिमा का फरसा और धनुष तोड़े जाने की जानकारी मिली थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक बाइक सवार युवक प्रतिमा पर पत्थर व कीचड़ फेंककर भागता नजर आ रहा है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसओजी व एंटी थेफ्ट समेत 5 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
