गौ संबंधी प्रकरण में जांच रिपोर्ट न मिलने पर VHP ने की प्रेस वार्ता, शीघ्र कार्रवाई की मांग
गौ संबंधी प्रकरण में जांच रिपोर्ट न मिलने पर VHP ने की प्रेस वार्ता, शीघ्र कार्रवाई की मांग
हाथरस। गौ संबंधी एक प्रकरण में पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच रिपोर्ट उपलब्ध न कराए जाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने प्रेस वार्ता की। संगठन ने पुलिस प्रशासन से जांच की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने और जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की।
VHP पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन की ओर से पूर्व में गौ संबंधी प्रकरण को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन एवं शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा VHP पदाधिकारियों को छह दिवस के भीतर जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था।
VHP पदाधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद अभी तक उन्हें जांच रिपोर्ट अथवा प्रकरण में की गई कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। इसी को लेकर संगठन ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन से मामले की जांच की स्थिति सार्वजनिक करने तथा रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि VHP प्रशासन का सम्मान करते हुए अब तक धैर्यपूर्वक जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा करता रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई और मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में आगरा में परम पूजनीय श्री अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के बाद क्षेत्र, प्रांत एवं विभाग के अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में विश्व हिंदू परिषद लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से बड़े आंदोलन की घोषणा कर सकता है।
VHP ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा संगठन को जांच रिपोर्ट से अवगत कराने की मांग की है।
प्रेस वार्ता के दौरान हरिगढ़ विभाग के विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, जिला संयोजक बजरंग दल अनमोल अग्निहोत्री, जिला गौरक्षा प्रमुख मनोज वार्ष्णेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
