नगर पंचायत सादाबाद में स्वच्छता व्यवस्था का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
- नगर पंचायत सादाबाद में स्वच्छता व्यवस्था का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
।
हाथरस, (सू0वि0)। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रातः 08ः00 बजे नगर पंचायत सादाबाद के शहरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने तथा सफाई के दौरान एकत्र होने वाले कूड़े को तत्काल उठवाकर निर्धारित डंपिंग स्थल पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड नंबर 15 में चल रहे सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से सीधे संवाद करते हुए दुकानों के बाहर रखी सामग्री को दुकान के अंदर रखने तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है। भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय सादाबाद का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आगामी एक अक्टूबर से शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जाएगा। इसके दृष्टिगत नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने जलभराव वाले स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर जल निकासी की व्यवस्था कराने, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख चौराहों, गलियों एवं नालियों की नियमित सफाई तथा आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग का छिड़काव कराने को कहा। मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने एवं झाड़ियों की कटाई कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई के दौरान निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर न छोड़ते हुए तत्काल एकत्र कर निर्धारित डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सादाबाद, संबंधित अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
————————————————————
