जिलाधिकारी ने संविलियन विद्यालय पटाखास का किया औचक निरीक्षण। छात्र-छात्राओं को नियमित विद्यालय आने एवं मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित।
जिलाधिकारी ने संविलियन विद्यालय पटाखास का किया औचक निरीक्षण।
छात्र-छात्राओं को नियमित विद्यालय आने एवं मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित।

हाथरस, (सू0वि0)। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विकास खंड मुरसान के संविलियन विद्यालय पटाखास का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी कॉपियों में किए जा रहे कार्य को देखा। किया गया कार्य सही ढंग से पाए जाने पर उन्होंने बच्चों की सराहना की। जिलाधिकारी ने बच्चों को नियमित एवं समय से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कुछ छात्र-छात्राओं के ड्रेस में न आने पर उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को सभी बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं निर्धारित विद्यालय ड्रेस में आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बचपन में विकसित होने वाली अच्छी आदतें ही आगे चलकर व्यक्ति के व्यवहार एवं व्यक्तित्व का आधार बनती हैं। बच्चों के जीवन पर माता-पिता के साथ-साथ शिक्षकों का भी गहरा प्रभाव होता है। इसलिए शिक्षक शिक्षण कार्य के साथ-साथ बच्चों को अनुशासन, संस्कार एवं सकारात्मक सोच के लिए भी प्रेरित करें।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक सर्वेश कुमारी ने बताया कि विद्यालय में कुल 10 का स्टाफ तैनात हैं, जिसमें 01 प्रधानाचार्य, 06 सहायक अध्यापक/अध्यापिकाएं तथा 03 शिक्षामित्र शामिल हैं। विद्यालय में कुल 116 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें 61 छात्राएं एवं 55 छात्र हैं। कक्षा-1 में 12, कक्षा-2 में 13, कक्षा-3 में 12, कक्षा-4 में 11, कक्षा-5 में 11, कक्षा-6 में 18, कक्षा-7 में 24 तथा कक्षा-8 में 15 छात्र-छात्राऐं पंजीकृत हैं। निरीक्षण के दौरान 67 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने पंजीकृत छात्र-छात्राओं के सापेक्ष उपस्थिति कम होने पर उपस्थित शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। प्रधानाचार्य ने बताया कि भोजन तैयार करने के लिए 03 रसोइये तैनात हैं तथा एमडीएम मैन्यू के अनुसार दाल-चावल तैयार किया जा रहा था। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर, कक्षों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पंजीकृत बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा सैम/मैम बच्चों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का प्रभावी ढंग से संचालन करने के निर्देश दिए। इस मौके पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————————————
