शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की कमान संभालने हाथरस पहुंचे यतेन्द्र शर्मा
शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की कमान संभालने हाथरस पहुंचे यतेन्द्र शर्मा
जिला कार्यालय में चुनावी तैयारियों की समीक्षा, कमियों को दूर करने और बेहतर समन्वय के साथ मैदान में उतरने पर जोर
हाथरस। आगरा खंड के शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने हाथरस जिले में चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा को विशेष रूप से हाथरस की जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों के मुताबिक, शर्मा मतदान तक जिले में प्रवास कर चुनावी तैयारियों की निगरानी करेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों को धार देने पर फोकस करेंगे।
हाथरस पहुंचते ही यतेन्द्र शर्मा ने जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में चुनाव प्रबंधन, मतदाता सूची की समीक्षा, मतदाताओं से संपर्क और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। शर्मा ने तैयारियों में सामने आई कमियों को चिह्नित कर उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी अभियान में प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
हर पदाधिकारी की भागीदारी और सुझावों पर अमल का निर्देश
बैठक में यतेन्द्र शर्मा ने संगठनात्मक संवाद को प्राथमिकता देते हुए सभी पदाधिकारियों को अपनी बात रखने का अवसर दिया। प्राप्त सुझावों पर चुनावी दृष्टि से तत्काल अमल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मतदाताओं की स्क्रीनिंग, सूची की समीक्षा तथा बेहतर कॉर्डिनेशन पर विशेष जोर रहा। चुनावी तैयारियों को केवल बैठक तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
जिला प्रभारी अनिल चौधरी ने सांसद, विधायकों एवं अन्य पदाधिकारियों को सभी 15 मंडलों का संयोजक बनाते हुए मतदाताओं से डोर-टू-डोर संपर्क करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से मंडल स्तर पर जिम्मेदारी तय करने और मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने पर जोर दिया गया।
संगठनात्मक समन्वय और जमीनी संपर्क पर फोकस
यतेन्द्र शर्मा के हाथरस प्रवास को चुनावी तैयारियों की नियमित निगरानी और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से मिली जिम्मेदारी के तहत उनकी प्राथमिकता उपलब्ध संगठनात्मक संसाधनों को सक्रिय करने, स्थानीय पदाधिकारियों के सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करने और मंडल स्तर तक चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित करने की है। मतदान तक जिले में प्रवास की जानकारी के बीच उनकी भूमिका चुनावी तैयारियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में यतेन्द्र शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं आदरणीय प्रदेश अध्यक्ष जी के कुशल नेतृत्व में हमें पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश के सम्मानित शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं का आशीर्वाद और विश्वास भाजपा के प्रत्याशियों को प्राप्त होगा।”
बैठक में जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिला प्रभारी अनिल चौधरी, सांसद अनूप प्रधान, विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, श्रीमती अंजुला माहौर, क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, जिला महामंत्री राजेश सिंह एवं राजेन्द्र सूफी, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दुर्गेश पचौरी, स्नातक चुनाव के जिला संयोजक सतेन्द्र सिंह तथा पूर्व जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह आचार्य सहित जिले एवं मंडल के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
