उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बने आशीष सेंगर दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय, निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का किया कार्य
उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बने आशीष सेंगर
दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय, निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का किया कार्य
उपजा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने मनोनयन पत्र सौंपकर सौपी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी जिम्मेदारी
हाथरस। जनपद के युवा पत्रकार एवं दैनिक समाचार पत्र भव्यप्रभात के संपादक आशीष सेंगर को उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। उपजा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपकर यह जिम्मेदारी प्रदान की। आशीष सेंगर के जिलाध्यक्ष बनने पर पत्रकारिता जगत में हर्ष का माहौल है। वहीँ पत्रकार एव समाजिक क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाइयां दी है।
आशीष सेंगर लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने, सामाजिक सरोकारों को समाचारों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में कार्य करते रहे हैं। उनके पत्रकारिता जीवन की शुरुआत वर्ष 2007 में एक साप्ताहिक समाचार पत्र से हुई थी। इसके बाद वर्ष 2008 में अलीगढ़ से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में तथा वर्ष 2009 में आगरा से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में उन्होंने जिला प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इन अनुभवों ने उन्हें पत्रकारिता की बारीकियों, जनसमस्याओं और समाचार संकलन के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर प्रदान किया।
वर्ष 2010 में आशीष सेंगर ने स्वयं समाचार पत्र का पंजीकरण कराकर जनपद हाथरस से भव्यप्रभात के नाम से दैनिक समाचार पत्र का प्रकाशन प्रारंभ किया। इसके माध्यम से उन्होंने स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों, सामाजिक गतिविधियों और जिले की प्रमुख घटनाओं को प्रमुखता से स्थान देने का प्रयास किया। अपना समाचार पत्र शुरू करने का उनका यह कदम स्थानीय स्तर पर पत्रकारिता को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। पत्रकारिता के साथ-साथ वह सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं और विभिन्न संगठनों से जुड़कर सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करते रहे हैं।
पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी
जिलाध्यक्ष बनने के बाद आशीष सेंगर ने कहा कि उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताते हुए जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि जनपद में पत्रकारों की एकजुटता को मजबूत किया जाए, पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जाए तथा पत्रकारिता को सकारात्मक, रचनात्मक और जनहितकारी दिशा प्रदान की जाए।
आशीष सेंगर ने कहा कि जनपद में पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और एकता को बढ़ावा देना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं, उनके सम्मान, सुरक्षा और कार्यक्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों को संबंधित अधिकारियों एवं संगठन के नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास किया जाएगा और पत्रकारिता के सकारात्मक मूल्यों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की एकता, सक्रियता और परस्पर विश्वास पर निर्भर करती है। पत्रकार साथी मिलकर कार्य करेंगे तो जनपद में पत्रकारिता को नई दिशा देने के साथ ही पत्रकार हितों की रक्षा और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में भी बेहतर प्रयास किए जा सकेंगे।
सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा रहा है सफर
पत्रकारिता के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी आशीष सेंगर के कार्यक्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़कर उन्होंने जनहित से जुड़े विषयों में रुचि दिखाई है। उनका मानना है कि पत्रकारिता और सामाजिक जिम्मेदारी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। जब पत्रकार समाज की वास्तविक समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझकर उन्हें प्रमुखता से उठाते हैं, तब पत्रकारिता जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनती है।
