40 सफाईकर्मी अनुपस्थित, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश; अतिक्रमण एवं C&D Waste फैलाने पर ₹50 हजार का जुर्माना
विशेष सफाई अभियान: नगर पालिका हाथरस के सभी 35 वार्डों का निरीक्षण
40 सफाईकर्मी अनुपस्थित, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश; अतिक्रमण एवं C&D Waste फैलाने पर ₹50 हजार का जुर्माना
हाथरस, 25 अगस्त 2026। नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सफाई कार्यों का धरातलीय सत्यापन करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर आज नगर पालिका परिषद, हाथरस के समस्त 35 वार्डों में विशेष सफाई निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक वार्ड के लिए नामित नोडल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह, Garbage Vulnerable Points (GVP), कूड़ा उठाने वाले वाहनों की उपलब्धता तथा सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण की स्थिति का सत्यापन किया।
❖ 40 सफाईकर्मी अनुपस्थित, वेतन काटने के निर्देश
नगर पालिका परिषद, हाथरस में सफाई कार्य हेतु कुल 780 सफाई कार्मिक कार्यरत हैं। विशेष निरीक्षण के दौरान इनमें से 40 सफाई कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
❖ 65 Garbage Vulnerable Points चिन्हित
35 वार्डों के निरीक्षण में नगर क्षेत्र में कुल 65 Garbage Vulnerable Points (GVP) चिन्हित किए गए। इनमें सर्वाधिक 4 GVP वार्ड संख्या 06, मीतई में पाए गए। संबंधित अधिकारियों को चिन्हित स्थलों से कूड़ा हटवाकर उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा इन स्थलों पर पुनः कूड़ा एकत्र न होने देने के निर्देश दिए गए।
❖ नाली तोड़कर सड़क पर मलबा डालने पर ₹50,000 का जुर्माना
वार्ड संख्या 29, गौशाला रोड में निरीक्षण के दौरान एक भवन स्वामी द्वारा नाली क्षतिग्रस्त कर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (C&D Waste) सड़क पर फैलाकर अतिक्रमण किया जाना पाया गया। नगर पालिका द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए भवन स्वामी पर ₹50,000 का जुर्माना लगाकर धनराशि वसूल की गई।
❖ 109 में से 9 सफाई वाहन खराब पाए गए
नगर पालिका के 35 वार्डों में कूड़ा उठाने के लिए ट्रैक्टर, टिपर, ई-रिक्शा, JCB एवं डम्पर सहित कुल 109 वाहन/मशीनें उपलब्ध हैं। निरीक्षण में 9 वाहन—2 ट्रैक्टर, 1 JCB तथा 6 टिपर—खराब पाए गए। जिलाधिकारी ने खराब वाहनों को तत्काल क्रियाशील कराने के साथ ही लापरवाही के लिए संबंधित वाहन प्रभारी एवं स्टोर कीपर का उत्तरदायित्व निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
❖ 28 वार्डों में डोर-टू-डोर कलेक्शन, शेष 7 में तत्काल शुरू करने के निर्देश
नगर पालिका के 35 वार्डों में से 28 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह संचालित पाया गया। शेष 7 वार्डों में भी तत्काल डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
❖ सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र होगा
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह करने वाली एजेंसी/फर्म को सभी 35 वार्डों में घरों से सूखा एवं गीला कचरा पृथक-पृथक एकत्र करने तथा उसे निर्धारित प्रोसेसिंग/निस्तारण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह स्पष्ट किया जाता है कि नगर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह, सफाई वाहनों की उपलब्धता तथा Garbage Vulnerable Points के निस्तारण का नियमित सत्यापन कराया जाएगा। निरीक्षण केवल कमियां चिन्हित करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दिए गए निर्देशों के अनुपालन का पुनः सत्यापन भी कराया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिक एवं अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
