IMG-20260825-WA0140

हाथरस, जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जिला सड़क सुरक्षा समिति तथा जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को यातायात के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने एवं स्कूली वाहनों में निर्धारित मानक के अनुरूप छात्रों को बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। किसी भी स्कूली वाहनों में निर्धारित मानक से अधिक छात्रों को न बैठाया जाए। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विद्यालयों द्वारा संचालित वाहनों की समय-समय पर जांच करें और यदि कोई वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली वाहनों/निजी वाहनों से आने वाले बच्चों को विद्यालय परिसर के अंदर ही उतारा जाए तथा छुट्टी के उपरांत बच्चों को परिसर के अंदर से ही वाहनों में बैठाया जाए। इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि ई-रिक्शा से बच्चे स्कूल न आएं। इस संबंध में उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों को अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। स्कूली वाहनों द्वारा शासन के निर्देशों का अनुपालन न किए जाने पर वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तालाब चौराहा ओवरब्रिज के दोनों ओर यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित किए जाने हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण बाहुल्य क्षेत्रों में नोटिस के उपरांत अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। शहर की प्रमुख सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए। भारी वाहनों को नो-एंट्री में प्रवेश न दिए जाने तथा अभियान चलाकर डग्गामार वाहनों पर नियंत्रण करने, अपंजीकृत वाहनों एवं अवैध वाहन स्टैंडों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रभारी अधिकारी एनएचएआई आदि उपस्थित रहे।
————————————————————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!