रक्षाबंधन पर हाथरस पुलिस की खास पहल, बच्चियों के साथ मनाया राखी का पर्व
रक्षाबंधन पर हाथरस पुलिस की खास पहल, बच्चियों के साथ मनाया राखी का पर्व
हाथरस। रक्षाबंधन पर्व को लेकर हाथरस पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय किया गया। पुलिस टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भ्रमण कर संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखी गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में विशेष निगरानी की।
रक्षाबंधन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय पहल भी की। पुलिसकर्मियों ने छोटी बच्चियों के साथ राखी का पर्व मनाया और उन्हें चॉकलेट एवं उपहार वितरित किए। पुलिसकर्मियों की इस आत्मीय पहल से बच्चियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इस दौरान पुलिस ने बहनों और आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सुरक्षा का संदेश भी दिया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
हाथरस पुलिस ने रक्षाबंधन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

