हाथरस के यात्रियों को भी मिलेगी वंदे भारत स्लीपर की सौगात, 30 किमी दूर अलीगढ़ से पकड़ सकेंगे ट्रेन
हाथरस के यात्रियों को भी मिलेगी वंदे भारत स्लीपर की सौगात, 30 किमी दूर अलीगढ़ से पकड़ सकेंगे ट्रेन
* वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दो नवंबर से शुरू होगा नियमित संचालन, सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
* अलीगढ़ जंक्शन पर रात और तड़के दोनों दिशाओं में मिलेगा ठहराव, लंबी दूरी की आरामदायक यात्रा का विकल्प
हाथरस। हाथरस के रेल यात्रियों के लिए भी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सुविधा मुफीद साबित होगी। भले ही इस ट्रेन का ठहराव हाथरस के किसी स्टेशन पर नहीं दिया गया है, लेकिन हाथरस से करीब 30 किलोमीटर दूर अलीगढ़ जंक्शन पर इसका ठहराव होने से जिले के यात्री इस आधुनिक ट्रेन में सफर कर सकेंगे। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का नियमित संचालन दो नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इससे हाथरस के यात्रियों को भी दिल्ली और वाराणसी के बीच तेज और आरामदायक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 27421 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर रात 10:35 बजे प्रयागराज और रात 12:40 बजे कानपुर पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन तड़के 3:55 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 3:57 बजे रवाना होगी। सुबह 5:23 बजे गाजियाबाद होते हुए 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 27422 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होगी। गाजियाबाद के बाद रात 11:20 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंचेगी और 11:22 बजे वाराणसी के लिए रवाना हो जाएगी। अगले दिन सुबह 2:45 बजे कानपुर, 5:05 बजे प्रयागराज होते हुए सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
खास बात यह है कि ट्रेन दोनों दिशाओं में अलीगढ़ जंक्शन पर ठहरेगी। ऐसे में हाथरस के यात्री सड़क मार्ग से अलीगढ़ पहुंचकर इस ट्रेन का लाभ उठा सकेंगे। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें एक एसी प्रथम श्रेणी, चार एसी द्वितीय श्रेणी और 11 एसी तृतीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी, जबकि नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन शनिवार को छोड़कर छह दिन संचालित होगी।
