पटाखा कारोबारियों के साथ सरकार, उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं: बृजेश पाठक लखनऊ में एफडीडब्ल्यूए का वार्षिक अधिवेशन, प्रदेशभर से जुटे पटाखा कारोबारी
पटाखा कारोबारियों के साथ सरकार, उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं: बृजेश पाठक
लखनऊ में एफडीडब्ल्यूए का वार्षिक अधिवेशन, प्रदेशभर से जुटे पटाखा कारोबारी

लखनऊ। फायरवर्क्स डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एफडीडब्ल्यूए) का वार्षिक अधिवेशन लखनऊ में आयोजित किया गया। अधिवेशन में हाथरस समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पटाखा कारोबारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान पटाखा व्यापार से जुड़ी समस्याओं, सुरक्षा मानकों, नियम-कायदों और कारोबारियों के समक्ष आ रही व्यावहारिक चुनौतियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे। उन्होंने कहा कि सरकार पटाखा कारोबारियों के साथ है और नियमों के दायरे में रहकर कारोबार करने वाले व्यापारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कारोबारियों से अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी पटाखा कारोबारी का अनावश्यक उत्पीड़न या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने कहा कि पटाखा कारोबारी उनके परिवार के सदस्यों के समान हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कारोबारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में वह हरसंभव सहयोग करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उनके साथ खड़े रहेंगे।
विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि पटाखा कारोबारियों की समस्याओं के साथ-साथ इस व्यवसाय से जुड़े वास्तविक तथ्यों और जमीनी परिस्थितियों को केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का उचित समाधान निकाला जा सके।
विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी ने भी एफडीडब्ल्यूए को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि संगठन और उससे जुड़े व्यापारियों के लिए वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर कारोबारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल ने किया। अधिवेशन में एफडीडब्ल्यूए के महासचिव महेश गुप्ता, संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बरीश कुमार अग्रवाल, ललित अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, रिजवान अहमद, वेद प्रकाश गुप्ता, दाऊ दयाल अग्रवाल, इमरान अली, सतीश चंद्र मिश्रा, सचिन अग्रवाल, तरुण मोटवानी, तोषित, प्रीत सिंह, किशन सूद तथा कोषाध्यक्ष रतन चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं पटाखा कारोबारी मौजूद रहे।
अधिवेशन के समापन पर एफडीडब्ल्यूए अध्यक्ष हेमंत चांदना ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, पदाधिकारियों और प्रदेशभर से आए सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
