गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए मुहिम तेज, 5 गांवों में मातृशक्ति ने उठाई आवाज
गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए मुहिम तेज, 5 गांवों में मातृशक्ति ने उठाई आवा
हाथरस: ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत जिले की पांच ग्राम पंचायतों—खोरना, लुटसान, भोजगढ़ी, त्रिलोठी और दरियापुर में बैठकों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और गौ सेवकों ने हिस्सा लेकर गौ माता की सेवा, सुरक्षा और संवर्धन की शपथ ली।
भोजगढ़ी व त्रिलोठी में गौ सेवक रवि चौधरी के संयोजन में बैठक हुई, जिसमें मातृशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी रही। ग्राम खोरना में दयाशंकर रावत ने भागवताचार्य गोपाल जी महाराज के आवास पर बैठक कराई। वहीं लुटसान में मंदिर कमेटी और दरियापुर में ग्राम प्रधान कुशल पाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई।
मुख्य वक्ता पूज्य संत श्यामा गोपाल दीदी ने गौ माता की महिमा बताते हुए उन्हें ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। अभियान के प्रचारक प्रवीन देव रावत ने देसी गाय आधारित प्राकृतिक कृषि, चिकित्सा और स्वावलंबन के पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जानकारी दी कि 27 सितंबर 2026 को हाथरस में जिला स्तरीय विशाल बैठक आयोजित होगी, जिसके बाद 17 दिसंबर को लखनऊ में हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों ने इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सनातन व गौ प्रेमियों से शामिल होने की अपील की।
